Affiliated to CBSE & ISO 21001:2018 Senior Secondary Boys School
दिनांक: 14 अगस्त 2026
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत मिठी गोबिंदराम पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने राष्ट्रप्रेम, एकता और देशभक्ति की भावना को सशक्त रूप से अभिव्यक्त करते हुए तिरंगा यात्रा एवं तिरंगा रैली में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। विद्यार्थियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामकर देश के प्रति सम्मान, जागरूकता और जिम्मेदारी का संदेश दिया।
इस तिरंगा यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रभक्ति की भावना, राष्ट्रीय एकता तथा देश के प्रति कर्तव्यबोध को विकसित करना और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना रहा।
विद्यालय के एनसीसी बैंड दल ने भी इस आयोजन में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई। एनसीसी बैंड के विद्यार्थियों ने हरदेव अस्पताल तक पैदल मार्च करते हुए तिरंगा रैली का स्वागत किया और देशभक्ति की भावना को संगीतमय स्वर प्रदान किया।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती रेखा केवलानी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि, “तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि हमारे गौरव, एकता, स्वतंत्रता और राष्ट्रीय अस्मिता का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ जैसे अभियान विद्यार्थियों में राष्ट्र के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। हमें अपने तिरंगे का सम्मान करते हुए देश की प्रगति में अपना योगदान देने का संकल्प लेना चाहिए।”
संस्थान के सचिव घनश्याम बूलचंदानी जी का अभिमत है कि, “देशभक्ति केवल नारों तक सीमित न रहकर हमारे व्यवहार और कर्मों में दिखाई देनी चाहिए। ऐसे आयोजन युवा पीढ़ी को राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। एमजीपीएस के विद्यार्थियों की यह सहभागिता निश्चित रूप से प्रेरणादायी है।”
तिरंगा रैली का आयोजन एनसीसी प्रशिक्षक संत चौराहा के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के उद्देश्य को सार्थक करते हुए स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना से और अधिक गरिमामय बना दिया।