CBSE Affiliated & ISO Certified Senior Secondary boys School
आज दिनांक 10 जुलाई 2025 को मिठी गोबिंदराम पब्लिक स्कूल में प्रार्थना सभा के दौरान गुरु पूर्णिमा पर्व हर्षोल्लास एवं श्रद्धाभाव से मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में भारत विकास परिषद के अध्यक्ष श्री विनय दादलानी, संयोजक श्री कमल प्रेमचंदानी एवं मध्यप्रदेश बाल अधिकार मानव संरक्षण आयोग की सदस्य श्रीमती निशा अजय सक्सेना सहित विद्यालय के सचिव श्री घनश्याम बूलचंदानी, अकादमिक निदेशक श्री गोपाल गिरधानी एवं प्राचार्य श्री अजय बहादुर सिंह भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्रह्मलीन संत शिरोमणि हिरदाराम साहिब, माँ भारती, माँ सरस्वती एवं गुरु शिव वेदव्यास जी की प्रतिमाओं के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर किया गया।
भारत विकास परिषद के संयोजक श्री कमल प्रेमचंदानी ने विद्यार्थियों को देश व समाज के प्रति समर्पित रहकर अपने कर्तव्यों के निर्वहन की शपथ दिलाई। परिषद के सदस्य श्री विनय दादलानी ने संबोधन में शिक्षकों की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि वे विद्यार्थियों के जीवन को विद्यामृत से संचित कर समाज में संस्कारों का बीजारोपण करते हैं।
श्रीमती निशा अजय सक्सेना ने भारत विकास परिषद द्वारा आयोजित छात्र एवं शिक्षक सम्मान कार्यक्रमों की जानकारी दी और छात्रों को लक्ष्य निर्धारण एवं योजनाबद्ध ढंग से आगे बढ़ने हेतु प्रेरित किया।
छात्र सम्मान श्रृंखला के अंतर्गत कक्षा 12वीं में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले छात्र कुणाल रामनानी (कॉमर्स – सिटी टॉपर) – 98.6%, अनुज जैन – 95.8% व अवनीश जोशी – 93.4% को सम्मानित किया गया।
कक्षा 8वीं के दक्ष नायक को रोलर स्केटिंग में स्वर्ण पदक प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।
शिक्षक सम्मान के अंतर्गत परिषद द्वारा विद्यालय की शिक्षिका दीया ग्वलानी, काउंसलर पीयूष तुरकर एवं वरिष्ठ शिक्षिका नीतू वासवानी को शॉल व श्रीफल देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय की शिक्षिका रेनू कृपलानी ने अपने उद्बोधन में गुरु की गरिमा को ईश्वर से भी ऊपर बताया। उन्होंने गुरु को समाज में जीवनमूल्यों का संवाहक बताया। कक्षा 8वीं के छात्र कुणाल ने भी गुरु के महत्व को अपने विचारों के माध्यम से भावपूर्ण रूप में प्रस्तुत किया।
समारोह की अंतिम प्रस्तुति के रूप में संस्कृत विभाग एवं संगीत विभाग के दिशा निर्देशन में अंतर सदनीय श्लोक पाठ प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें साधु हीरानंद सदन एवं स्वामी दयानंद सदन ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का सुंदर एवं प्रभावशाली संचालन विद्यालय की वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती सुनीता शर्मा द्वारा किया गया।